SSC परीक्षा नकल गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, देहरादून STF की बड़ी कार्रवाई

:- रिमोट एक्सेस से कराता था ऑनलाइन परीक्षा में नकल

:- महादेवी कन्या पाठशाला सेंटर पर चल रहा था पूरा नेटवर्क

:- पहले भी गिरोह के दो सदस्य हो चुके हैं गिरफ्तार

देहरादून, 5 मई। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने SSC परीक्षा में नकल कराने वाले बड़े गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शुभम भटनागर पुत्र अनिल भटनागर, निवासी विजयनगर, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 13 फरवरी 2026 को SSC द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार की ऑनलाइन परीक्षा के दौरान देहरादून स्थित महादेवी कन्या पाठशाला परीक्षा केंद्र में नकल कराने की सूचना मिली थी। इस मामले में 14 फरवरी को कोतवाली नगर देहरादून में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि अभियुक्त शुभम भटनागर महादेवी कन्या पाठशाला में “महादेव डिजिटल लैब” के नाम से लैब संचालित करता था। इसी लैब के माध्यम से वह अभ्यर्थियों को रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए परीक्षा में नकल कराता था। इसके लिए उसने यूपीएस रूम के पास अंडरग्राउंड चैंबर तक तैयार कर रखा था।

एसटीएफ टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पहले ही दो आरोपियों—नितिश कुमार और भास्कर नैथानी—को गिरफ्तार कर लैब को सील कर दिया था, जबकि मुख्य आरोपी शुभम फरार हो गया था। लगातार इनपुट विकसित करने के बाद एसटीएफ टीम ने 4 मई 2026 को उसे सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने का लालच देकर उनसे चयन होने पर पद के ग्रेड पे के अनुसार मोटी रकम वसूलता था। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त:

शुभम भटनागर, सहारनपुर (उ.प्र.)

एसटीएफ टीम:

पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली

निरीक्षक एन.के. भट्ट

उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी

उपनिरीक्षक राजेश ध्यानी

प्रमोद, सुधीर केसला, बृजेंद्र चौहान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *