जब से मोदी प्रधानमंत्री बने तब से भारत में सनातन धर्म का स्वर्णिम युग आया : धामी

:- नगाण गांव में श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

:- सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का दौर: मुख्यमंत्री
:- नगाण में बारात घर निर्माण का दिया आश्वासन

देहरादून/बड़कोट। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तहसील बड़कोट के नगाण गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने भगवान की कथा का श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की धर्मपत्नी स्वर्गीय उमा जी के वार्षिक श्राद्ध के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने हैं, तब से देश में सनातन धर्म का स्वर्णिम युग आया है। उनके नेतृत्व में वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य की बुद्धि और विवेक को जागृत करता है तथा पितरों को भी बैकुंठ धाम की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि जिस प्रकार वृंदावन में वृंदा धाम है, उसी प्रकार उत्तराखंड में चारधाम विराजमान हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा केदारनाथ पुनर्निर्माण के बाद बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। विकास को निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगाण गांव में ग्राम प्रधान की मांग पर बारात घर निर्माण का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, डीएम प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *