:- जौनसारी ‘जोझोड़े’ परंपरा में दुल्हनें खुद लेकर पहुंचीं बारात, गांव में रहा उत्सव जैसा माहौल
देहरादून। चकराता क्षेत्र के खरासी गांव में बुधवार को एक ही परिवार के पांच भाइयों की शादी एक ही मंडप में संपन्न हुई। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए इलाके भर से लोग पहुंचे और पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
जौनसारी समाज की परंपरा ‘जोझोड़े’ के तहत इस विवाह में पांचों दुल्हनें स्वयं बारात लेकर दूल्हों के घर पहुंचीं। इस परंपरा को स्थानीय स्तर पर संयुक्त परिवार की एकता और आपसी सामंजस्य का प्रतीक माना जाता है।
परिवार के पांचों भाई—नरेंद्र, प्रदीप, प्रीतम, अमित और राहुल—का विवाह क्रमशः अन्नू, निक्की, पुनीता, निर्मला और आंचल के साथ हुआ। शादी के दौरान सभी दूल्हा-दुल्हन बेहद खुश नजर आए और गांव में जश्न का माहौल बना रहा।
परिवार में गुरुवार को बहन प्रियंका की शादी रणवीर सिंह के साथ होनी है। पांचों भाई अपने विवाह के बाद बहन की शादी की तैयारियों में जुट गए हैं।
संयुक्त परिवार के मुखिया दौलत सिंह चौहान ने अपने सभी बच्चों की सामूहिक शादी कर एक मिसाल पेश की है। स्थानीय भाषा में दुल्हनों को ‘जोझोल्टी’ कहा जाता है। जब पांचों दुल्हनें एक साथ खरासी गांव पहुंचीं, तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
यह सामूहिक विवाह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे पारंपरिक संस्कृति और परिवार की एकजुटता के रूप में देख रहे हैं।