देहरादून में लूट के बाद गोलीकांड, पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर, इंस्पेक्टर सहित दो घायल

:- कार सवार बदमाशों ने व्यापारी को गोली मार लूटा, पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग; जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया, सर्च ऑपरेशन जारी


देहरादून, 30 अप्रैल। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बीती रात लूट और गोलीकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति को लूटने के बाद उसे गोली मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा किया, जिस दौरान मुठभेड़ में एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी समेत दो लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार 29/30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना हुई है और उसे गोली मारी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल व्यक्ति मिला, जिसने अपना नाम देवराज बताया। उसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे लूटपाट की और गोली मारकर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार बदमाश उसके पास से लगभग दो लाख रुपये नगद, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट ले गए।

घायल को प्राथमिक उपचार के बाद साथ लेकर पुलिस ने बताए गए रास्ते पर बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल की ओर जाती संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसका पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई।

इस दौरान बदमाशों की गोली थाना प्रभारी प्रेमनगर निरीक्षक नरेश राठौर को लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।

घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और निरीक्षक नरेश राठौर को उपचार के लिए पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान घायल बदमाश की मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना पर एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फरार बदमाशों की तलाश के लिए जिले भर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी बॉर्डर पर निगरानी बढ़ा दी गई है और जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है।

पुलिस मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *