जिला पंचायत सदस्यों का प्रदेश संगठन गठित, भास्कर सम्मल प्रदेश अध्यक्ष और राजेंद्र सिंह रांगड़ कार्यकारी अध्यक्ष चुने गए

:- देहरादून में पहली बैठक में 13 जिलों के 240+ सदस्यों की भागीदारी, संगठन विस्तार और अधिकारों की लड़ाई का लिया संकल्प

देहरादून, 28 अप्रैल 2026। उत्तराखंड प्रदेश के जिला पंचायत सदस्यों की पहली महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को देहरादून के महालक्ष्मी बैंक्वेट हॉल, बंजारावाला में आयोजित हुई। बैठक में राज्य के सभी 13 जनपदों से 240 से अधिक सदस्यों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में एकजुटता दिखाई।

बैठक की अध्यक्षता चकराता (देहरादून) के जिला पंचायत सदस्य केशर सिंह ने की। लंबी चर्चा और विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से प्रदेश संगठन का गठन किया गया, जिसमें ऊधम सिंह नगर के सितारगंज निवासी भास्कर सम्मल को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।

टिहरी गढ़वाल के राजेंद्र सिंह रांगड़ को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, देहरादून के प्रवीन रावत और रुद्रप्रयाग के अजयवीर सिंह भंडारी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया। गढ़वाल मंडल के संयोजक के रूप में जोत सिंह रावत को जिम्मेदारी सौंपी गई।

प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर उर्मिला बिष्ट (चमोली), पंकज सिंह बोरा (पिथौरागढ़), बचन सिंह बिष्ट (पौड़ी गढ़वाल) और अनूप राज कुंवर (उत्तरकाशी) को चुना गया। सचिव पद पर शीशपाल सजवाण और सम्पन्न नेगी, जबकि सहसचिव के रूप में जोत सिंह असवाल और शीशपाल सिंह राणा नियुक्त किए गए। सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी उर्मिला राणा, दीक्षा नेगी, सुनील प्रसाद जुयाल और दीपेंद्र कोहली को दी गई।

संरक्षण मंडल में मान सिंह रौतेला, केशर सिंह, हुकुम भंडारी, सूरज नारायण, संजय किशोर और गोविंद पुंडीर को शामिल किया गया।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश कार्यकारिणी में सभी जनपदों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा और संगठन का विस्तार प्रदेश व जिला स्तर पर चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। साथ ही लंबे समय से जिला नियोजन समितियों के गठन न होने पर चिंता और रोष भी व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने संगठन को मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए और भविष्य में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर जिला पंचायत सदस्यों के अधिकारों की रक्षा और विकास कार्यों को गति देने का भरोसा जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *