देहरादून के विकास को नई रफ्तार, 968 करोड़ के बजट को मंजूरी

:- एमडीडीए की 113वीं बोर्ड बैठक में 48 प्रस्ताव पास, हरियाली, इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसुविधाओं पर जोर

देहरादून, 27 अप्रैल 2026। देहरादून के सुनियोजित विकास और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण की 113वीं बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 968 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। बैठक आयुक्त गढ़वाल मंडल एवं प्राधिकरण अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें शहर के समग्र विकास से जुड़े 48 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।

बैठक में इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण संरक्षण, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत शहर को स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस योजनाएं लागू की जाएंगी। ईको-रिजॉर्ट, होटल, व्यावसायिक और आवासीय मानचित्रों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी मिलने से पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

प्राधिकरण ने बढ़ते तापमान को देखते हुए वृक्षारोपण, जल संरक्षण और नए पार्कों के निर्माण को प्राथमिकता दी है। शहर में हरियाली बढ़ाने और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। डिवाइडरों पर पौधारोपण, गमलों की व्यवस्था और आवश्यक उपकरणों की खरीद को भी मंजूरी दी गई है, जिसमें ट्रैक्टर, EICHER 333 (प्रेशर पंप सहित) और हाइड्रोलिक ट्रॉली शामिल हैं।

इसके अलावा भवन निर्माण एवं विकास उपविधि 2011 (संशोधित) को राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप अंगीकृत किया गया है, जिससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और सुव्यवस्था सुनिश्चित होगी।

अध्यक्ष विनय शंकर पांडेय ने कहा कि लक्ष्य देहरादून को संतुलित, हरित और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है, जबकि उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने इन फैसलों को रोजगार और निवेश के लिए महत्वपूर्ण बताया। सचिव मोहन सिंह बर्निया के अनुसार, स्वीकृत प्रस्तावों के क्रियान्वयन पर अब विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्पष्ट है कि एमडीडीए के ये फैसले देहरादून के विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *