: बदरीनाथ धाम के खुले कपाट, भक्ति में सराबोर हुआ पूरा हिमालय
: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शुभारंभ, सीएम धामी रहे मौजूद, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
देहरादून/चमोली। आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में से एक श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आज प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
कपाट खुलते ही हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई थीं। जैसे ही कपाट खुले, पूरा धाम ‘जय बद्री विशाल’ के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, ताकि यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो सके।
चारों धाम के कपाट खुलने के साथ ही विधिवत रूप से चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलते ही यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।
……………
सुबह 6:15 बजे खुले कपाट, 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
:- पहली महाभिषेक पूजा पीएम के नाम, सीएम धामी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
• लोक संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम
बदरीनाथ/देहरादून। भगवान श्री बदरीनाथ धाम के कपाट गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल और अखंड ज्योत के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाटोद्घाटन के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना भी की।
मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है।
उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही बदरीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य अनुभव बन गया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर प्रांगण में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण लोक संस्कृति और आस्था से सराबोर हो उठा। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने धाम में संचालित भंडारे का रिबन काटकर शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सेवा कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के सीईओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।