अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने अपर निदेशक (महानिदेशालय) से मुलाकात कर अविलंब वेतन बजट स्वीकृत करने की मांग उठाई
देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड ने अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान को लेकर शिक्षा विभाग पर दबाव बढ़ाया है। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज शिक्षा निदेशालय में अपर निदेशक (महानिदेशालय) से मुलाकात कर अविलंब वेतन बजट स्वीकृत करने की मांग उठाई।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण एवं प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मार्च माह से अब तक शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है, जबकि अप्रैल माह भी समाप्ति की ओर है। लगातार दो महीने से वेतन न मिलने के कारण शिक्षकों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में महानिदेशक के माध्यम से सचिव शिक्षा को ज्ञापन भी प्रेषित किया। अपर निदेशक (महानिदेशालय) ने वार्ता के दौरान समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष देहरादून अनिल नौटियाल, जिला मंत्री विजयपाल सिंह जगवाण, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, महावीर सिंह मेहता एवं संयुक्त मंत्री गिरीश सेमवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।