: रायपुर पुलिस की कार्रवाई: लाखों की चोरी का पर्दाफाश, नकदी-ज्वैलरी बरामद
देहरादून, 18 अप्रैल। जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बालावाला क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये से अधिक की ज्वैलरी और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
घटना के अनुसार, आनंद नगर लेन-3, सुमन कॉलोनी बालावाला निवासी सुशीला देवी ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान की। लगातार प्रयास और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 17 अप्रैल की रात चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को रायपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जरीफ अहमद उर्फ राहुल (21 वर्ष) निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) और गणेश गिरी उर्फ कार्तिक (23 वर्ष) निवासी हरिद्वार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पेंटिंग, पुताई और कैटरिंग का काम करते हैं। इसी दौरान वे बंद घरों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी सहित कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस टीम में थाना रायपुर के थानाध्यक्ष संजीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।