:- लखवाड़ परियोजना में तेजी के लिए एमडी अजय कुमार सिंह का दूसरा दौरा, 300 मेगावाट प्रोजेक्ट की प्रगति पर कड़ी नजर
:- यूजेवीएनएल प्रबंध निदेशक ने भूमिगत विद्युतगृह, कॉफर बांध और शियर जोन शाफ्ट का किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश
देहरादून, 11 अप्रैल। निर्माणाधीन 300 मेगावाट क्षमता की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने शनिवार को परियोजना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालने के बाद अल्प अवधि में यह उनका दूसरा दौरा रहा, जिससे परियोजना को लेकर उनकी गंभीरता और प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की विभिन्न अहम संरचनाओं—भूमिगत विद्युतगृह, डाइवर्जन, कॉफर बांध तथा शियर जोन शाफ्ट—का स्थलीय अवलोकन किया। इस दौरान यूजेवीएनएल के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण सामग्री, मशीनरी और कार्यरत मानव संसाधन की विस्तृत जानकारी ली गई।
एमडी अजय कुमार सिंह ने कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयबद्ध प्रगति पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने वर्तमान प्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश जारी किए।
उन्होंने कहा कि लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना माननीय प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है, वहीं प्रदेश सरकार भी इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव ऊर्जा द्वारा परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
एमडी ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना की समयबद्धता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि उत्तराखंड सहित छह राज्यों को जल एवं ऊर्जा घटकों का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्य के दौरान यदि कोई तकनीकी, प्रशासनिक या अन्य महत्वपूर्ण अवरोध सामने आता है, तो उसे तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए, जिससे उच्च स्तर पर उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।
उन्होंने परियोजना में बेहतर समन्वय और कार्यकुशलता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर निदेशक परियोजनाएं सुरेश चन्द्र बलूनी, अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सुजीत कुमार सिंह एवं संजय जोशी, उपमहाप्रबंधक आशीष यादव, शिव दास, मनमोहन बलोदी, गिरीश रावत, भू-विज्ञानी संजय कुमार तथा अधिशासी अभियंता अमरेश शर्मा, ऋषि सिंह, अभय सिंह, शशांक पाडेय, संजीव कुमार, रामबीर सिंह रावत और प्रकाश चौहान सहित निगम एवं कार्यदायी संस्था के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना राज्य और देश दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके पूरा होने से ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ सिंचाई, पेयजल और बाढ़ नियंत्रण के क्षेत्र में व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही, परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा।