14 अप्रैल को पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा: दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुभारम्भ को जन-उत्सव बनाने की तैयारी

:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चस्तरीय बैठक में दिए निर्देश—भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, रोड शो, स्वच्छता अभियान और हर वर्ग की भागीदारी पर जोर

ओम प्रकाश जोशी, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आगामी 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड आगमन तथा दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे) के शुभारम्भ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक ली। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल सरकारी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि जन-उत्सव का रूप ले, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा को आकर्षक, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आयोजन में उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भव्य झलक दिखनी चाहिए। गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोक नृत्यों के माध्यम से राज्य की लोक संस्कृति, परंपरा और गौरव को मंच पर जीवंत किया जाए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल की सजावट में पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के समन्वय पर जोर देते हुए कलाकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने जनमानस से भी इस ऐतिहासिक अवसर में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल हों, ताकि पूरे राज्य में उत्सव जैसा माहौल बने। इसके साथ ही कार्यक्रम से पूर्व प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई दिशा देने वाली परियोजना सिद्ध होगी। इस कॉरिडोर से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। साथ ही औद्योगिक और व्यवसायिक गतिविधियों के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश के क्षेत्र में यह परियोजना क्रांतिकारी बदलाव लाएगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का शुभारम्भ उत्तराखण्ड के विकास के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा और प्रदेश को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में और अधिक सशक्त बनाएगा।

बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *