रुड़की में रिश्वतखोरी पर सतर्कता की बड़ी कार्रवाई: 50 हजार लेते सुपरवाइजर रंगे हाथ गिरफ्तार

प्रमोशन के नाम पर मांगी थी रिश्वत, आंगनबाड़ी सहायिका की शिकायत पर ट्रैप टीम ने किया खुलासा

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून/रुड़की, 25 मार्च 2026। सतर्कता सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की में एक महिला सुपरवाइजर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, अभियुक्त राखी सैनी, जो कि बाल विकास अधिकारी कार्यालय, रुड़की ग्रामीण द्वितीय (हरिद्वार) में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है, को शिकायतकर्ता सपना कश्यप, आंगनबाड़ी सहायिका, केन्द्र संख्या-7 भौरी से प्रमोशन कराने के एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त को रिश्वत की धनराशि लेते समय मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में थाना सतर्कता सैक्टर देहरादून में मु0अ0सं0-6/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सतर्कता विभाग द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *