विधि-विधान से हुआ दुर्गा सप्तशती पाठ प्रारंभ, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। नव संवत्सर (विक्रम संवत-2083), हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्राह्मणवाला स्थित दुर्गा माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पंडित सुशील उनियाल द्वारा विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही दुर्गा सप्तशती पाठ भी प्रारंभ किया गया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्ति रस में सराबोर रहा। अंत में सभी श्रद्धालुओं को नव संवत्सर, हिन्दू नववर्ष एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दी गईं।