होम डिलीवरी के आदेश की अवहेलना पर कार्रवाई, हीरा गैस एजेंसी के सिलेंडर जब्त; मुकदमा दर्ज

दरअसल, जिलाधिकारी को शिकायत मिली थी कि गैस एजेंसी द्वारा प्रशासन के आदेशों की अनदेखी करते हुए उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसी परिसर से गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। इससे एजेंसी पर भारी भीड़ जुट गई थी और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बन गई थी। शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि हीरा गैस सर्विस, नया गांव पेलियो, देहरादून द्वारा होम डिलीवरी के बजाय गैस गोदाम में ट्रक के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे थे।

इसके बाद उप जिलाधिकारी विकासनगर, तहसीलदार विकासनगर और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सिलेंडर जब्त कर लिए। प्रशासन ने एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कराया है। जब्त सिलेंडर जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिए गए हैं।

गैस आपूर्ति पर डीएम की निगरानी

जिलाधिकारी जिले में गैस आपूर्ति और वितरण की स्थिति की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए क्षेत्रवार क्यूआरटी टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं।

कंट्रोल रूम में 111 शिकायतें

जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक एलपीजी गैस आपूर्ति से जुड़ी 111 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में मौजूद जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में रविवार को करीब 18,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 21 व्यवसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर में अभी भी लगभग 75 हजार का बैकलॉग बना हुआ है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से जिले में गैस वितरण और आपूर्ति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *