हरिद्वार। हरिद्वार निवासी एक शिकायतकर्ता की तहरीर पर विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद सेमवाल को ₹20,000 नगद उत्कोच धनराशि सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता के अनुसार उनका हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री नामक फर्म वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। जीएसटी लागू होने से पूर्व के अंतिम तीन माह का VAT टैक्स विभाग द्वारा ₹1,76,000 बताया गया था।
आरोप है कि इस देय VAT राशि को समाप्त कराने के एवज में जीएसटी बाबू प्रमोद सेमवाल द्वारा ₹1,20,000 नगद रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता से यह रकम किस्तों में देने के लिए कहा गया था।
विजिलेंस ने ऐसे बिछाया जाल
शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के अनुसार आज प्रमोद सेमवाल को ₹20,000 नगद लेते हुए सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 कार्यालय के पास गिरफ्तार कर लिया।
पुराने VAT बिल निपटाने के नाम पर मांग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी द्वारा पुराने VAT बिल निपटाने के नाम पर शिकायतकर्ता से पैसों की मांग की जा रही थी। विजिलेंस की कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है।
आगे की कार्रवाई
विजिलेंस टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ जारी है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।