मुख्यमंत्री धामी ने दिलाई उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को शपथ, जल्द शुरू होगा प्रेस क्लब भवन निर्माण 

बोले सीएम- आधुनिक सुविधायुक्त बनाया जाएगा उत्तरांचल प्रेस क्लब का भवन, एमडीडीए होगी कार्यदाई संस्था           बोले सीएम – पत्रकार कल्याण योजनाओं पर सरकार का विशेष फोकस

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब, परेड मैदान, देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के नए भवन निर्माण को शीघ्र शुरू कराने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए एमडीडीए को कार्यदायी संस्था बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन मॉडल प्रेस क्लब भवन के रूप में बनाया जाएगा जो आधुनिक, सुविधायुक्त होगा। सीएम धामी ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब के भवन निर्माण का प्रस्ताव उन्होंने ही कैबिनेट में रखा था, जिस पर कैबिनेट ने अपनी स्वीकृति प्रदान की है। शुक्रवार को देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान की मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और उनकी सुविधाओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और इसी सोच के साथ यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।

   कैबिनेट से मिली स्वीकृति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भवन जल्द ही एक मॉडल प्रेस क्लब के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने मंच से एमडीडीए को कार्यदाई संस्था बनाए जाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब प्रदेश की लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त मंच है। क्लब ने हमेशा अपनी गरिमा, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो सरकार को उत्तरदायी बनाने, समाज को जागरूक करने और आम नागरिक को सजग रखने का कार्य करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया के माध्यम से फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैल रही हैं। ऐसे समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज को भ्रम से बचा सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के पत्रकारों ने हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में साहस और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता, आवासीय योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जा रहा है। वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत अनेक वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया है। पत्रकार पेंशन में वृद्धि के साथ-साथ, विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के लिए सूचना विभाग के माध्यम से आवासीय व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पत्रकार कल्याण कोष का बजट 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है। मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण पर भी कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2026-27 के सामान्य बजट में मीडिया सेंटरों के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे, जिससे अन्य जिलों में भी पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

उत्तरांचल प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हमेशा पत्रकारों के कल्याण के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने प्रेस क्लब भवन निर्माण को लेकर कैबिनेट में लिए गए निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

शपथ ग्रहण करने वाले पदाधिकारी

मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष अजय सिंह राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाई, महामंत्री योगेश सेमवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, मीना नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, सम्प्रेक्षक विजय जोशी तथा कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश जोशी, वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, मनोज सिंह जयाड़ा, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत और हिमांशु जोशी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *