देहरादून। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी पूर्व में बीजेपी से निष्कासित पार्षद अमित बिष्ट और उसके 19 वर्षीय पुत्र जय बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। घटना 4 जनवरी 2026 की रात वार्ड संख्या-55 मानपुर उत्तर में हुई थी।
मृतक के परिजन पीयूष लोहनी की तहरीर पर अमित बिष्ट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) व 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस ने सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार घंटे में अमित बिष्ट को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी दोनाली बंदूक बरामद की। पूछताछ में बेटे जय बिष्ट की भूमिका सामने आने पर धारा 3(5) व आर्म्स एक्ट की धारा 27 जोड़ी गई। जय बिष्ट को 5 जनवरी 2026 को बरेली रोड से पिस्टल व चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह पुराना आपसी विवाद है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।