राष्ट्रीय आइस स्केटिंग 2025 के विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान, महेंद्र भट्ट ने किया प्रमाण पत्र वितरण

हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक में आयोजित हुई थी राष्ट्रीय प्रतियोगिता

उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जीते मेडल

वर्षों के संघर्ष के बाद मिला राज्य को साउथ एशिया का सबसे बड़ा आइस स्केटिंग रिंक

खिलाड़ियों को रियायतें देने की मांग, सांसद महेंद्र भट्ट ने दिया आश्वासन

देहरादून। राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को आज दिनांक 5 जनवरी 2026 को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह सांसद राज्यसभा एवं अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड महेंद्र भट्ट जी के करकमलों से आयोजित हुआ, जिसमें विजयी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

उल्लेखनीय है कि यह राष्ट्रीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता देहरादून स्थित हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक में आयोजित की गई थी, जो संपूर्ण भारत का एकमात्र और साउथ एशिया का सबसे बड़ा एवं अत्याधुनिक आइस स्केटिंग रिंक है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के मेधावी खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।

प्रतियोगिता के प्रमाण पत्र हाल ही में आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड को उपलब्ध हुए, जिन्हें आज माननीय महेंद्र भट्ट जी के सरकारी आवास पर आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह में खिलाड़ियों को प्रदान किया गया।

मैदान के अभाव में भी रचा इतिहास

आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष श्री शिव पैन्यूली ने बताया कि पिछले वर्षों में राज्य में आइस स्केटिंग रिंक की सुविधा न होने के बावजूद उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 57 से अधिक मेडल जीतकर राज्य का नाम गौरवान्वित किया है।
इसके लिए खिलाड़ियों को शिमला, गुरुग्राम के साथ-साथ बैंकॉक, हांगकांग, फिलीपींस, यूएई, कंबोडिया और सिंगापुर जैसे देशों में महंगा प्रशिक्षण लेना पड़ा।

उन्होंने बताया कि अब तक राज्य के खिलाड़ियों ने 50 से अधिक राष्ट्रीय और 7 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मेडल अपने नाम किए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी निष्टा पैन्यूली को मेडल फॉर ओलंपिक्स स्पिरिट से सम्मानित किया जा चुका है और वह आज भारत की एकमात्र महिला आइस स्केटिंग जज हैं।

हिमाद्रि रिंक से बढ़ी उम्मीदें

श्री पैन्यूली ने बताया कि लगभग 14 वर्षों के सतत प्रयासों के बाद माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या और विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा के सहयोग से देहरादून में हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक उपलब्ध हो सका है, जिससे राज्य के खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आशा का संचार हुआ है।

उन्होंने खिलाड़ियों की ओर से मांग की कि राज्य के खिलाड़ियों को इस रिंक में निशुल्क या रियायती दरों पर अभ्यास की सुविधा दी जाए, ताकि वे भविष्य में और अधिक मेडल जीत सकें। इस संबंध में एक मांग पत्र माननीय महेंद्र भट्ट जी को सौंपा गया।

महेंद्र भट्ट का आश्वासन

मुख्य अतिथि महेंद्र भट्ट ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेल प्रोत्साहन योजनाओं के तहत केंद्र और राज्य सरकारें खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रही हैं।
उन्होंने वर्ष 2025 में उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि हिमाद्रि आइस स्केटिंग रिंक के माध्यम से राज्य के खिलाड़ियों को विशेष सुविधाएं और रियायतें दिलाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।

कार्यक्रम में आइस स्केटिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *