टिहरी गढ़वाल में पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई ने छोटे भाई के दोनों हाथ कटवाए

संपत्ति विवाद ने लिया अमानवीय रूप, मुंबई से लौटे अंग्रेज सिंह पर धारदार हथियारों से हमला

देहरादून। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक रंजिश में बड़े भाई और भाभी पर छोटे भाई के दोनों हाथ कटवाने का गंभीर आरोप लगा है। इस नृशंस हमले के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

यह घटना टिहरी गढ़वाल जिले की बालगंगा तहसील अंतर्गत बासर पट्टी के लस्यालगांव की है। जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर की रात मुंबई से घर लौटे अंग्रेज सिंह का अपने बड़े भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने चाकू और अन्य धारदार हथियारों से अंग्रेज सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में अंग्रेज सिंह के दोनों हाथ बुरी तरह घायल हो गए। गंभीर हालत में उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले जाया गया, जहां से ऋषिकेश स्थित AIIMS रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चोटें अत्यंत गंभीर होने के कारण दोनों हाथों की एम्पुटेशन करनी पड़ी। फिलहाल पीड़ित का इलाज AIIMS के ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

पीड़ित की शिकायत पर घनसाली थाना पुलिस ने आरोपी पूरब सिंह और अंजली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम भी भेजी है।

प्राथमिक जांच में विवाद की वजह पारिवारिक संपत्ति या पुरानी रंजिश बताई जा रही है। थाना प्रभारी अजय कुमार जाटव ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग की जा सकती है। मामले की गहन जांच जारी है।

यह घटना न केवल पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता को उजागर करती है, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *