₹30 प्रति क्विंटल बढ़ा समर्थन मूल्य, तीन लाख किसानों को मिलेगा सीधा लाभ देहरादून। खटीमा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किसानों ने गन्ना समर्थन मूल्य में की गई ऐतिहासिक बढ़ोतरी पर गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में किसानों ने मुख्यमंत्री को गन्ना तथा पर्वतीय क्षेत्रों की पारंपरिक उपज—गडेरी, माल्टा, अदरक और शहद से भरी विशेष टोकरी भेंट कर आभार व्यक्त किया।
नेगी ने कहा कि राज्य सरकार के फैसले से प्रदेश के करीब तीन लाख गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि सरकार ने गन्ना समर्थन मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। अब अगेती प्रजाति का मूल्य ₹405 और सामान्य प्रजाति का ₹395 प्रति क्विंटल हो गया है, जो उत्तर प्रदेश से भी अधिक है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर अनेक किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।