:- अवैध संबंध का राज खुलने और बदनामी के डर से रची हत्या की साजिश
देहरादून, 4 अक्टूबर। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले 38 वर्षीय मदन मुखिया के शव के मामले का पुलिस ने करीब 12 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मदन की हत्या उसकी पत्नी मीना देवी ने अपने प्रेमी लल्लन शर्मा के साथ मिलकर की थी। दोनों के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध था।
पुलिस के मुताबिक, मदन को अपनी पत्नी और लल्लन के संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसके बाद उसने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी अन्य लोगों को बताने की धमकी दी थी। इसी के चलते दोनों ने मदन की हत्या की साजिश रची।
शराब पिलाने के बहाने जंगल ले गई पत्नी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि योजना के तहत मीना देवी अपने पति मदन मुखिया को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। वहां मदन को शराब पिलाई गई। पुलिस के अनुसार, उसके नशे में होने के बाद मीना और लल्लन ने मिलकर धारदार चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
शव खाई में फेंका, चाकू झाड़ियों में छिपाया
हत्या के बाद दोनों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया। घटना में इस्तेमाल चाकू को भी पास की झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने लल्लन की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से पुलिस पहुंची आरोपियों तक
3 अक्टूबर को मांडूवाला के डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्रेमनगर पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी सहरसा, बिहार, हाल निवासी मांडूवाला, देहरादून के रूप में की। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आसपास रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर लल्लन शर्मा को मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा हत्या में शामिल होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
फोन में पत्नी और लल्लन की फोटो-वीडियो देखे थे मदन
पुलिस पूछताछ में लल्लन ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मांडूवाला में किराये पर रहकर मजदूरी करता है। पुलिस के अनुसार, पिछले दो-तीन वर्षों से उसका मदन की पत्नी मीना के साथ प्रेम संबंध था।
पूछताछ में सामने आया कि घटना से दो दिन पहले मांडूवाला में तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया था। पुलिस के मुताबिक, फोन में उसे मीना और लल्लन की फोटो व वीडियो दिखाई दिए। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी लोगों को देने की धमकी दी थी।
पुलिस का कहना है कि बदनामी और संबंध उजागर होने के डर से लल्लन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद
पुलिस ने मामले में लल्लन शर्मा (23) निवासी सहरसा, बिहार, हाल निवासी मांडूवाला और मीना देवी (30), पत्नी मदन मुखिया, निवासी सहरसा, बिहार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है।
मामले में मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 214/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक गिरीश नेगी, थानाध्यक्ष प्रेमनगर; वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत; उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, चौकी प्रभारी झाझरा; उपनिरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा; कांस्टेबल रोबिन सिंह; कांस्टेबल अमरेंद्र; महिला कांस्टेबल सुशीला तथा कांस्टेबल चालक जीएस सैनी शामिल रहे।