केंद्रीय चुनाव समिति ने नाम पर लगाई मुहर, 16 अक्टूबर को होगा मतदान; नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को हो रहा समाप्त
देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उनके नाम को मंजूरी दी। प्रत्याशी के नाम की घोषणा के साथ ही पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
वर्तमान राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी के मद्देनजर उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित है।
लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय
नैनीताल क्षेत्र से आने वाले दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने नैनीताल विधानसभा सीट से भाजपा टिकट के लिए दावेदारी की थी। इसके अलावा वह भाजपा सरकार में राज्य पेयजल अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में भी उन्होंने प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक दायित्व निभाया है।
भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर पिछले दिनों प्रदेश स्तर पर भी मंथन हुआ था। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने दिनेश आर्य के नाम पर अंतिम मुहर लगाई। पार्टी की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब नामांकन के साथ चुनाव प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश करेगी।
16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना
उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश की 10 और पश्चिम बंगाल की एक राज्यसभा सीट के लिए भी 16 अक्टूबर को मतदान होना है। उत्तराखंड की सीट पर चुनाव वर्तमान सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के कारण हो रहा है।
दिनेश आर्य के प्रत्याशी घोषित होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह भंडारी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ भावना डोभाल, भाजपा नेता डॉ राकेश डोभाल सहित भाजपा संगठन के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।