झाड़ियों में छुपे बाघ ने किया महिला पर हमला, साथ की महिलाओं ने हिम्मत दिखाई तो भागा

देहरादून: उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल जनपद के तहत लैंसडाउन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज में बाघ ने महिला पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। घटना मंगलवार सुबह की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सकाली के सरूड़ा गांव निवासी पुष्पा देवी (42) पत्नी सुरेंद्र सिंह नेगी गांव की तीन अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने जा रही थी। इस दौरान रेंज कार्यालय और अल्दावा गांव के बीच तलगांव के पास झाड़ी में छिपे बाघ ने उन पर हमला कर दिया।

 हमले के बाद पुष्पा देवी नीचे जमीन पर गिर गई। इस पर सभी महिलाएं एक साथ खड़ी हो गईं। बाघ ने महिलाओं पर फिर से हमले का प्रयास किया, लेकिन उनके शोर करने पर बाघ वहां से भाग गया।

 

बाघ के हमले के बाद महिलाएं घायल पुष्पा देवी को लेकर घर पहुंची। परिजन पुष्पा देवी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेस अस्पताल कोटद्वार रेफर कर दिया है।

डॉ. मोना ने बताया कि हमले में पुष्पा देवी का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। साथ ही कमर के बांए हिस्से व टांग में बाघ के पंजों से गहरे जख्म हो गए है। रेंजर प्रमोद डोबरियाल ने बताया कि

उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है। साथ ही घटनास्थल का मौका मुआयना करने के लिए टीम भेजी जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *