महेंद्र भट्ट बोले— विकसित उत्तराखंड की रफ्तार अब कोई कम नहीं कर सकता
मनवीर चौहान का दावा— हाईवे से पर्यटन, तीर्थाटन, कृषि और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ
देहरादून, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकार्पित दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को भाजपा ने उत्तराखंड के विकास का “एक्सप्रेस वे” बताते हुए इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक सौगात करार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने अलग-अलग जारी प्रतिक्रियाओं में कहा कि यह कॉरिडोर विकसित उत्तराखंड की नई रफ्तार का प्रतीक है और इसके बाद राज्य में विकास के अवसर कई गुना बढ़ने वाले हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि बहुप्रत्याशित एक्सप्रेस वे से देहरादून पहुंचने के साथ ही उत्तराखंड के नए दशक का आगाज हो गया है। उनके अनुसार यह केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि व्यवसाय, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं को तेज गति देने वाला विकास का हाईवे है। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा लोकार्पित टीएचडीसी पावर प्रोजेक्ट सहित अन्य योजनाओं को भी विकसित भारत के लक्ष्य में उत्तराखंड की बढ़ती भागीदारी का संकेत बताया।
भट्ट ने प्रधानमंत्री के दौरे को आर्थिक सौगात के साथ देवभूमि की मेहमाननवाजी का अभूतपूर्व उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून में पार्टी कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने यह साबित किया कि जनता पीएम मोदी के नेतृत्व और राज्य की विकास यात्रा के साथ मजबूती से खड़ी है। रोड शो और जनसभा में उमड़े जनसमर्थन को उन्होंने ऐतिहासिक बताया।
वहीं कांग्रेस की आलोचनाओं पर पलटवार करते हुए भट्ट ने कहा कि विपक्ष को अब विकास की आदत डालनी चाहिए। उनका कहना था कि सड़क और विकास योजनाओं का लाभ सभी को मिलेगा, कांग्रेस नेताओं को भी। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति से कांग्रेस की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है, जबकि जनता पीएम मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीयत और नीतियों पर भरोसा जता रही है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि दिल्ली–देहरादून कॉरिडोर राज्य में विकास की तस्वीर को बयां करने के लिए पर्याप्त है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने इस विकास सेतु का उद्घाटन कर यह साबित किया है कि विकास और मोदी की गारंटी एक-दूसरे के पर्याय हैं। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को हताशा और निराशा का परिणाम बताते हुए कहा कि जनता भी इन आरोपों से सहमत नहीं है।
चौहान ने कहा कि इस हाईवे के बाद राज्य में चुनौती नहीं बल्कि अवसर खुलेंगे। तीर्थाटन, पर्यटन और कृषि उत्पादों, विशेषकर उत्तराखंडी मिलेट और फलों की पहुंच अन्य राज्यों तक आसान होगी। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या से निपटने के लिए भी पूरा होमवर्क तैयार है और लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं धरातल पर उतरने वाली हैं। इससे राज्य के पर्यटन स्थल और चारधाम यात्रा मार्ग और अधिक सुगम होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य आगामी दशक का श्रेष्ठ राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। चौहान ने दावा किया कि कांग्रेस 70 वर्षों में जो नहीं कर पाई, भाजपा ने अल्पकाल में उससे कई गुना अधिक विकास कार्य किए हैं।