कांग्रेसियों ने ‘न्याय का दीप’ जलाकर दी श्रद्धांजलि
देहरादून, 18 सितंबर। अंकिता भंडारी की चौथी पुण्यतिथि पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को देहरादून में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से निकाले गए मार्च से पहले कांग्रेसजनों ने अंकिता की स्मृति में ‘न्याय का दीप’ जलाया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने मामले की जांच की प्रगति और कथित वीआईपी से जुड़े सवालों पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग उठाई। इसी दिन अन्य कांग्रेस नेताओं और सामाजिक संगठनों ने भी अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कार्यक्रम किए।
ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता प्रकरण को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन परिवार और प्रदेश की जनता के मन में उठ रहे कई सवाल अभी भी जवाब की प्रतीक्षा में हैं। उन्होंने कहा कि मामले में कथित वीआईपी एंगल की जांच को लेकर सीबीआई जांच की बात सामने आई थी। ऐसे में सरकार और संबंधित जांच एजेंसियों को जांच की वर्तमान स्थिति और प्रगति के बारे में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंकिता द्वारा कथित वीआईपी को ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ देने की बात सामने आने के बाद यह सवाल लगातार उठता रहा है कि वह वीआईपी कौन था। इसके अलावा घटना के बाद रिजॉर्ट पर रातों-रात बुलडोजर चलाए जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन सवालों के स्पष्ट जवाब सामने आने जरूरी हैं।
रौतेला ने कहा कि अंकिता केवल एक नाम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की आवाज है। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता के परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता और मामले से जुड़े अनुत्तरित सवालों के जवाब सामने नहीं आते, महिला कांग्रेस इस मुद्दे को उठाती रहेगी।
हर सवाल का निष्पक्ष और पारदर्शी जवाब जरूरी : हरक सिंह रावत
कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी अंकिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि चार वर्ष का समय बीत जाना गंभीर विषय है और अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने के साथ मामले से जुड़े प्रत्येक सवाल का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से जवाब सामने आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच को लेकर भी प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि जांच कहां तक पहुंची है और उसका निष्कर्ष क्या है। उन्होंने कथित वीआईपी से जुड़े आरोपों और ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ संबंधी दावों की जांच के जरिए सच्चाई सामने लाने की बात कही। साथ ही रिजॉर्ट में घटना के बाद हुई कार्रवाई को लेकर उठे सवालों का तथ्यात्मक जवाब दिए जाने की आवश्यकता बताई।
हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी न्याय की लड़ाई को किसी दल या राजनीति तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। यह प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा विषय है।
कैंडल मार्च में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिनव थापर, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, पार्षद अरविंद गुप्ता, पार्षद आयुष गुप्ता, रॉबिन, विधानसभा अध्यक्ष/उपाध्यक्ष गौरव रावत, आशा मनोरमा शर्मा, पुष्पा पवार, विदित प्रसाद भट्ट ‘बंटू’ और अंजू भारती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।