इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बनी जानलेवा, मिलने बुलाया और पत्थर मारकर कर दिया महिला को घायल

:- टिहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास का किया खुलासा, सोशल मीडिया के रिश्तों में सावधानी बरतने की अपील

चम्बा, टिहरी गढ़वाल। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुई। महिला पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले का टिहरी पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और महिला के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी और दोनों के बीच कई महीनों से बातचीत चल रही थी।

पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को ज्ञानसू निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली चम्बा में तहरीर देकर बताया कि उसकी चाची 4 जून को दवाई लेने के लिए चम्बा गई थीं, लेकिन उसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा। काफी तलाश के बाद महिला भण्डार गांव के एक खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उनके सिर पर गहरी चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेजों का विश्लेषण तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 9 जून को आरोपी सुरेश लाल उर्फ सूरज निवासी ग्राम कठ्यूड़, थाना पैठाणी, जनपद पौड़ी गढ़वाल को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह मसूरी स्थित अपनी बहन के पास जा रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता से हुई थी। दोनों कई बार चम्बा क्षेत्र में मिल चुके थे। 4 जून को दोनों भण्डार गांव के एक सुनसान खेत में मिले, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन छीनकर झाड़ियों में फेंक दिया और पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। महिला के घायल होने के बाद भी उसने दोबारा हमला किया और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया, सिम कार्ड नष्ट कर दिया तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य और महिला का मोबाइल फोन बरामद करने की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले संबंधों में सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *