:- दो से तीन माह से वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों और कर्मचारियों में नाराजगी, 5 नवंबर तक बजट जारी करने की मांग
:- अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने दी 6 नवंबर को शिक्षा निदेशालय पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी, राजकीय विद्यालयों की तर्ज पर ग्लोबल बजट व्यवस्था लागू करने की उठाई मांग
देहरादून। दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले भी वेतन नहीं मिलने से उत्तराखंड के अशासकीय जूनियर हाईस्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पिछले दो से तीन माह से वेतन का इंतजार कर रहे शिक्षकों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड ने स्पष्ट किया है कि यदि 5 नवंबर तक वेतन के लिए बजट जारी नहीं किया गया तो 6 नवंबर को धनतेरस के दिन शिक्षा निदेशालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों और कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर शासन एवं शिक्षा निदेशालय में विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों से मुलाकात कर वार्ता की। इस दौरान लंबित वेतन के लिए तत्काल बजट जारी करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल नौटियाल और प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने बताया कि अशासकीय जूनियर हाईस्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को पिछले दो से तीन माह से वेतन नहीं मिला है। जबकि वेतन बजट की मांग लगभग एक माह पहले ही जनपदों से शिक्षा निदेशालय और शासन को भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद बजट जारी नहीं हो पाया है।
उन्होंने बताया कि वेतन बजट से संबंधित पत्रावली वर्तमान में सचिव शिक्षा के स्तर पर लंबित है। इस संबंध में सचिव शिक्षा से अविलंब बजट जारी करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही संगठन की ओर से महानिदेशक शिक्षा को भी पत्र सौंपकर वेतन बजट तत्काल जारी करने की मांग की गई है।
बार-बार बजट के लिए शासन के चक्कर लगाने से मिले राहत
संघ के पदाधिकारियों ने अशासकीय विद्यालयों को भी राजकीय विद्यालयों की तरह ग्लोबल बजट व्यवस्था के अंतर्गत लाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था के लागू होने से शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन के लिए बार-बार बजट स्वीकृति का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही वेतन भुगतान की प्रक्रिया नियमित और सुचारु हो सकेगी।
त्योहार से पहले वेतन नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के नजदीक होने के बावजूद शिक्षकों और कर्मचारियों को दो से तीन माह का वेतन नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है। समय पर वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों और कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने शासन से मांग की है कि त्योहार से पहले लंबित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक बजट जारी किया जाए।
5 नवंबर तक बजट जारी नहीं हुआ तो 6 नवंबर को प्रदर्शन
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 5 नवंबर तक वेतन बजट जारी नहीं किया गया तो संगठन 6 नवंबर को धनतेरस के दिन शिक्षा निदेशालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा। संघ ने वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए शासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।
शासन एवं निदेशालय में हुई वार्ता के दौरान संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल नौटियाल, प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी, देहरादून जिलाध्यक्ष दिनेश डोबरियाल, जिला मंत्री महावीर सिंह मेहता, कोषाध्यक्ष गिरीश सेमवाल और अंबिका गैरोला सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।