पहले ही प्रयास में पीसीएस फतह, दिव्या जोशी बनीं उप शिक्षा अधिकारी

:- सेल्फ स्टडी के दम पर हासिल की सफलता, वर्तमान में सहायक समीक्षा अधिकारी के पद पर हैं कार्यरत
देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा घोषित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के अंतिम चयन परिणाम में देहरादून सरस्वती विहार की दिव्या जोशी का चयन उप शिक्षा अधिकारी के पद पर हुआ है। खास बात यह है कि दिव्या ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है।

दिव्या जोशी ने बिना किसी विशेष कोचिंग के सेल्फ स्टडी के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित पद पर चयनित हुईं। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

वर्तमान में दिव्या सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज से बीएससी के रूप में पूरी की। इसके बाद दून विश्वविद्यालय, देहरादून से एमएससी की डिग्री प्राप्त की।

साधारण परिवार से आने वाली दिव्या के पिता देवेंद्र जोशी दुकान संचालक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दिव्या ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।

उनकी सफलता पर परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने भी इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *