:- परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव ने नवागत विद्यार्थियों को दिया राष्ट्र निर्माण में योगदान का संदेश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रैंपवॉक ने जमाया रंग
देहरादून। डीडी कॉलेज, देहरादून की ओर से 5 नवंबर को ओएनजीसी कम्युनिटी सेंटर, कौलागढ़ में नवागत विद्यार्थियों के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी-2026 के तहत ‘आरंभ’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परमवीर चक्र से सम्मानित ऑनरेरी कैप्टन (सेवानिवृत्त) योगेंद्र सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक सौरभ मैठाणी की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में समां बांध दिया। उनके गीतों पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कॉलेज के चेयरमैन जितेंद्र यादव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों को भविष्य की नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपने-अपने क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि योगेंद्र सिंह यादव ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की नींव बताते हुए कहा कि उन्हें अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से प्रयास करना चाहिए। साथ ही राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों और कर्तव्यों के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कॉलेज के बीएससी बैच 2023-26 के गणेश चौधरी को मिस्टर डीडी और बीए बैच 2023-26 की माही को मिस डीडी का बैज पहनाकर सम्मानित किया।
फ्रेशर्स पार्टी में विद्यार्थियों ने गढ़वाली, गोरखाली, लोक नृत्य और बॉलीवुड डांस की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। योग की संगीतमय प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, जबकि जूनियर विद्यार्थियों के शानदार रैंपवॉक ने खूब तालियां बटोरीं। डॉ. क्षमा कौशिक ने अतिथियों के सम्मान में स्वरचित कविता प्रस्तुत की। प्रसिद्ध लोक गायक सौरभ मैठाणी की ऊर्जावान गायकी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों को मिले खिताब
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में शिल्पा तनेजा, आदित्य सिंह खनेड़ा और डॉ. संगीता रावत शामिल रहे। विभिन्न श्रेणियों में चयनित विद्यार्थियों को खिताब प्रदान किए गए। इनमें अक्षय (पीसीए) को मिस्टर फ्रेशर, ऋचा (बीबीए) को मिस फ्रेशर, इजराइल (बीए एलएलबी) को मिस्टर ईव, दीपिका जखमोला (बीएससी आईटी) को मिस ईव, जितेंद्र कुमार (बीए प्रथम सेमेस्टर) को मिस्टर आइकॉन, टीशा (बीए प्रथम सेमेस्टर) को मिस देसी डीवा और उमेश चंद्र खंडूड़ी (बीबीए लॉ) को मिस्टर कॉन्फिडेंट चुना गया।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. ज्योत्सना रमोला ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मनोयोग के साथ शिक्षा ग्रहण करने और अपने माता-पिता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम की सफलता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में दैनिक जागरण की टीम ने भी आयोजन में उत्साह का रंग भरा। कार्यक्रम का संचालन चारंजीत कौर (बीए एलएलबी द्वितीय वर्ष) और सभय थापा (बीए द्वितीय वर्ष) ने किया।