:- करवाचौथ पर्व पर छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, साईन प्रथम, अंशिका भंडारी द्वितीय और सविता मौर्य तृतीय स्थान पर रहीं
देहरादून, 28 अक्टूबर 2026। भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से डीडी कॉलेज, देहरादून में करवाचौथ पर्व के उपलक्ष्य में अंतर-विभागीय मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए हथेलियों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक मेहंदी डिजाइन उकेरे।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के कला, वाणिज्य, विज्ञान, कंप्यूटर और विधि संकाय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं को मेहंदी लगाने के लिए एक घंटे का समय दिया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक कौशल का परिचय दिया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति, त्योहारों और परंपराओं के महत्व से परिचित कराने के साथ ही उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। भारतीय संस्कृति में करवाचौथ पर्व का विशेष महत्व है। इस अवसर पर महिलाएं पति की मंगलकामना के लिए व्रत रखती हैं और सोलह श्रृंगार करती हैं। मेहंदी भी इस श्रृंगार का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका कला विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिव्यांशी दुबे, वाणिज्य विभाग की पारुल गोयल और कृषि विभाग की डॉ. प्रेरणा नेगी ने निभाई। निर्णायकों ने मेहंदी डिजाइन की सुंदरता, सफाई और नवीनता के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
साईन ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर सातवें सेमेस्टर की छात्रा साईन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएड द्वितीय सेमेस्टर की अंशिका भंडारी द्वितीय और पीसीएम पांचवें सेमेस्टर की सविता मौर्य तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के समापन पर महाविद्यालय की प्राचार्या ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेता छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने छात्राओं की रचनात्मकता और उत्साह की प्रशंसा की। प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।