कांग्रेसी बोले – चार साल बाद भी अंकिता भंडारी को न्याय का इंतजार, वनंत्रा रिजॉर्ट तक निकाला मार्च

:- चौथी बरसी पर श्रद्धांजलि सभा के बाद कांग्रेस नेताओं ने सीबीआई जांच में तेजी की मांग उठाई, कहा- न्याय की आवाज कमजोर नहीं पड़ने देंगे

ऋषिकेश, 18 सितंबर 2026। उत्तराखंड की बेटी स्वर्गीय अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गंगा भोगपुर तल्ला स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच की गति को लेकर सवाल उठाते हुए जांच में तेजी लाने और मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व और कोटद्वार जिलाध्यक्ष विकास नेगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने अंकिता भंडारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वनंत्रा रिजॉर्ट तक मार्च निकाला।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता की बरसी केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि न्याय को लेकर किए गए वादों और मामले की जांच की प्रगति पर सवाल उठाने का भी दिन है। नेताओं ने सीबीआई जांच की धीमी गति का हवाला देते हुए जांच प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच में तेजी लाई जानी चाहिए और प्रकरण से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसकी स्मृति आज भी पूरे प्रदेश के मन में जीवित है। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस न्याय की मांग को कमजोर नहीं पड़ने देगी।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की मांग केवल एक परिवार की मांग नहीं है, बल्कि यह पूरे उत्तराखंड की संवेदना और न्याय की अपेक्षा से जुड़ा विषय है।

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की आवाज लगातार उठाती रहेगी और पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और परिवार को न्याय के साथ प्रदेश की जनता को भी मामले में स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने कहा कि अंकिता भंडारी की बरसी पर वनंत्रा रिजॉर्ट तक निकाला गया मार्च न्याय की मांग को मजबूती से उठाने का शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक प्रयास है। वहीं पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि कांग्रेस इस प्रकरण को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी और अंकिता के परिवार को न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद करती रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा का संचालन राकेश मियां और विकास नेगी ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, जयेन्द्र रमोला, एससी प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, सोशल मीडिया प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर, महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, देहरादून महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी, उपेंद्र थापली, सरोजिनी कैंतुरा, संतोष चौहान, रुचि कैंतुरा, उर्मिला थापा, रेखा कांडपाल, सती संजय पालीवाल, राकेश सिंह, रवि जैन, मनोज गुसाईं, राजीव चौधरी, अमन गर्ग, गजेंद्र, विक्रम साईं, गोकुल रमोला, धनवीर, सतीश मोहन पंत, विजयपाल पवार, रवि थापा, रवि राणा, दीप शर्मा, मनीष व्यास, अश्विनी बहुगुणा, पुष्पा मिश्रा, हिमांशु कश्यप, गौरव जोशी, गौरव भारती, गब्बर, राज गौर, राकेश अग्रवाल, अजय रावत, बी.एस. पयाल, सरोजिनी थपलियाल, रमेश चौहान, भगवान सिंह पवार एवं देवेंद्र प्रजापति सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *