कांग्रेस प्रभारी ने पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने के दिए निर्देश
देहरादून, 8 सितंबर। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी एवं एआईसीसी महासचिव-सांसद कुमारी शैलजा ने पार्टी पदाधिकारियों से जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठकों में उन्होंने फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के कामकाज की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली।
कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने संगठनों की कार्यकारिणियों का जल्द गठन करने तथा प्रदेशभर में दौरे कर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, युवाओं के रोजगार, दलितों से जुड़े विषयों और आम जनता की समस्याओं को कांग्रेस को मजबूती से उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पार्टी के विभाग एवं प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर सक्रिय दिखाई दें। उन्होंने पदाधिकारियों से जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और कांग्रेस की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने को कहा।
चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से जुटें कार्यकर्ता
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों एवं सचिवों की बैठक में भी कुमारी शैलजा ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिलों, महानगरों एवं विधानसभा क्षेत्रों में जल्द प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं। सभी प्रभारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करें तथा संगठन को एकजुट कर चुनावी तैयारियों को गति दें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर अपना पक्ष तथ्यों के साथ जनता के सामने रखना चाहिए। आम जनता, युवा, किसान, मजदूर और महिलाओं से जुड़े विषयों पर पार्टी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
एकजुट कार्यकर्ता ही दिलाएंगे चुनावी मजबूती : गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से मजबूत होते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार के फैसलों और नीतियों को लेकर पार्टी का पक्ष तथ्यात्मक एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनता के सामने रखें। उन्होंने गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद बढ़ाने तथा कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।