AI के जरिए छवि खराब करने का आरोप, बोले पूर्व सीएम—देहरादून लौटकर बताना पड़ेगा कि मेरे खिलाफ अभियान के पीछे कौन लोग हैं
देहरादून। उत्तराखंड की सियासत के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित तौर पर चलाए जा रहे अभियान को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। इन दिनों दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ ले रहे रावत ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ तरह-तरह की पोस्ट और सामग्री प्रसारित की जा रही है।
हरीश रावत ने कहा कि भाजपा से जुड़े उनके कुछ ‘दोस्त’ इन दिनों उनके खिलाफ AI का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का आना भाजपा के लिए एक सौगात बन गया है और इस तकनीक की सारी ‘सौगात’ उनके ऊपर बरसाई जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब कुछ पोस्ट, फ्रंट पेज और फेसबुक पेजों के माध्यम से उन्हें लेकर उल्टा-सीधा दिखाने या उनकी छवि प्रभावित करने का प्रयास न किया जाता हो।
रावत ने कहा कि एक ओर भाजपा से जुड़े कुछ अखबारी मित्र यह कह रहे हैं कि ‘हरीश रावत निपट गया’, वहीं दूसरी ओर भाजपा उनके पीछे ‘लट्ठ लेकर’ पड़ी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि वे वास्तव में राजनीतिक रूप से समाप्त हो चुके हैं तो फिर उनके खिलाफ लगातार इस तरह के अभियान क्यों चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने संकेत दिया कि देहरादून लौटने के बाद इस मामले में कानूनी कदम उठाने पर विचार कर सकते हैं। रावत ने कहा कि जरूरत पड़ी तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा या किसी थाने में धरने पर बैठकर यह सवाल उठाया जाएगा कि उनके खिलाफ कथित अभियान चलाने के पीछे कौन लोग हैं और किन लोगों की मदद से यह पूरा अभियान संचालित किया जा रहा है।
हरीश रावत उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस के प्रमुख और प्रभावशाली नेताओं में शुमार रहे हैं। वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ-साथ केंद्र सरकार में मंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। ऐसे में उनके इस बयान को प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बढ़ती सियासी तल्खी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।