:- बुधवार को 49 नए मामले मिले, दो मरीजों की मौत; 61 अस्पतालों में भर्ती, 118 हो चुके स्वस्थ
देहरादून। मौसम में बदलाव के साथ देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू (एच1एन1, इन्फ्लूएंजा) का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 385 सैंपल की जांच में 181 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 61 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं, जबकि 118 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक दो मरीजों की मौत दर्ज की गई है। बुधवार को ही जिले में स्वाइन फ्लू के 49 नए मामले सामने आए, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अब तक सामने आए 181 संक्रमित मरीजों में 122 देहरादून और 59 अन्य क्षेत्रों के हैं। संक्रमितों में 95 पुरुष और 86 महिलाएं शामिल हैं। बुधवार को सामने आए 49 नए मामलों में 35 मरीज देहरादून के, जबकि 14 अन्य क्षेत्रों के हैं। इस दौरान 26 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए अलग से वार्ड तैयार किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अस्पतालों को आवश्यक तैयारियां बनाए रखने और सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
कोविड के चार नए मामले, 34 संक्रमित मिल चुके
226 सैंपल की जांच में 34 मरीज संक्रमित, चार अस्पतालों में उपचाराधीन
देहरादून जिले में कोविड संक्रमण के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को 47 सैंपल की जांच में चार नए संक्रमित मिले। इनमें तीन मरीज देहरादून और एक अन्य क्षेत्र का है। बुधवार को चार मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक जिले में कोविड के 226 सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिनमें 34 मरीज संक्रमित मिले हैं। इनमें 13 देहरादून और 21 अन्य क्षेत्रों के हैं। अब तक 30 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि चार मरीज देहरादून और ऋषिकेश के अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। कोविड संक्रमण से अब तक किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।