डाकपत्थर महाविद्यालय में रोपे फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

प्राचार्य ने विद्यार्थियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर पौधों की नियमित देखभाल करने का किया आह्वान

डाकपत्थर, देहरादून, 02 सितंबर 2026। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर में बुधवार को विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही वृक्षारोपण को जनभागीदारी से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार वृक्षों का रोपण किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी. एस. नेगी, प्रो. आर. एस. गंगवार, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. अनिल शाह तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. ए. एम. पैन्यूली ने पौधे रोपित किए।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी. एस. नेगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए छात्र-छात्राओं को अपने परिवार और मातृभूमि के प्रति भावनात्मक जुड़ाव के साथ कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी हमारी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में डॉ. परवेज अहमद, डॉ. पूजा राठौर, डॉ. अविनाश भट्ट, डॉ. विजय बहुगुणा, डॉ. सरिता तिवारी, डॉ. हरीश चंद्र एवं डॉ. दर्शन सिंह नेगी सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों ने सहभागिता की।

इसके अतिरिक्त श्रीमती पूनम गांधियान, अंजली देवी, नीतू चौहान, सचिन, दीपक कुमार, दीपक बिष्ट एवं रतन लाल गोदियाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर और प्रकृति के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।

……

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *