कांग्रेस की नई मीडिया रणनीति को मिलेगी धार, पंखुड़ी पाठक ने संभाली उत्तराखंड मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी

:- प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रथम आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने किया स्वागत
देहरादून। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा उत्तराखंड की मीडिया इंचार्ज नियुक्त की गईं पंखुड़ी पाठक का बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रथम आगमन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पंखुड़ी पाठक की नियुक्ति पार्टी की चुनावी तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, क्षेत्रीय एवं सामाजिक समीकरणों और चुनावी परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए मीडिया विभाग की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने कहा कि पंखुड़ी पाठक के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एवं संचार अभियान को अधिक रणनीतिक, प्रभावी और जनोन्मुख बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच पहुंचाने के साथ ही भाजपा सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली से जुड़े जनसरोकारों को तथ्यों के साथ सामने रखना कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगी।

गरिमा मेहरा दसौनी ने विश्वास जताया कि पंखुड़ी पाठक के अनुभव और रणनीतिक दृष्टिकोण से उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया अभियान को नई ऊर्जा और धार मिलेगी। उन्होंने उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया विभाग की ओर से उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *