दून मेडिकल कॉलेज में बढ़ीं हृदय और इमरजेंसी चिकित्सा की सुविधाएं

:- चिकित्सा मंत्री सुबोध उनियाल ने 12 बेड के कार्डियोलॉजी विंग और नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का किया लोकार्पण

देहरादून, 29 अगस्त। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, देहरादून में शनिवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में 12 बेड के नवनिर्मित कार्डियोलॉजी विंग एवं नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का लोकार्पण किया गया। नई सुविधाओं के शुरू होने से हृदय रोगियों के साथ ही गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों को बेहतर, त्वरित और उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

12 बेड के कार्डियोलॉजी विंग से बढ़ेगी उपचार क्षमता

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कार्डियोलॉजी विभाग के 12 बेड के नवनिर्मित विंग का उद्घाटन किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से हृदय रोग से संबंधित मरीजों को बेहतर एवं त्वरित उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। साथ ही कार्डियोलॉजी विभाग में मरीजों के उपचार की क्षमता भी और मजबूत होगी।

इसके अलावा नवीन इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड का भी लोकार्पण किया गया। इससे गंभीर और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के उपचार की क्षमता में वृद्धि होगी तथा उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

दून मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा की शुरुआत

राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय ने चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य के प्रथम मेडिकल कॉलेज के रूप में सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।

इसी क्रम में MCH Urology सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रम के प्रथम दो अभ्यर्थियों डॉ. विशाल सिंह एवं डॉ. इकबाल अली को प्रवेश/ज्वाइनिंग पत्र प्रदान किए गए।

राज्य में ही मिलेंगी भविष्य में उच्च स्तरीय विशेषज्ञ सेवाएं

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के प्रारंभ होने से प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। साथ ही भविष्य में जटिल एवं गंभीर रोगों के उपचार के लिए राज्य में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।

उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि सुपर स्पेशियलिटी शिक्षा एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संस्थान को उत्कृष्टता के नित नए आयामों तक पहुंचाने तथा मरीजों को राज्य में ही उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित एवं निरंतर प्रयासों पर बल दिया।

चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर

विभागाध्यक्ष एवं निदेशक, चिकित्सा शिक्षा प्रो. (डॉ.) आशुतोष सयाना ने संस्थान की इस उपलब्धि को चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतिफल बताया।

उन्होंने कहा कि संस्थान में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार, मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा मानव संसाधन को मजबूत करने पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। भविष्य में नई सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी योजनाबद्ध प्रयास किए जाएंगे।
……….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *