राम चंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की हिन्दी विभाग की एम.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा ने हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धि
उत्तरकाशी। राम चंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के हिन्दी विभाग की एम.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा आयुषी चमोली ने UGC-NET-JRF परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय एवं हिन्दी विभाग का नाम गौरवान्वित किया है। आयुषी की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
आयुषी चमोली की सफलता को उनकी मेहनत, लगन, नियमित अध्ययन और विषय के प्रति समर्पण का परिणाम बताया जा रहा है। कम उम्र में शोध एवं अकादमिक क्षेत्र की महत्वपूर्ण परीक्षा में सफलता हासिल करना उनके शैक्षणिक समर्पण को दर्शाता है।
हिन्दी विभाग के प्रभारी श्री प्रवीण भट्ट के मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक सहयोग ने भी आयुषी की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्री भट्ट ने आयुषी को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके व्यक्तिगत परिश्रम के साथ-साथ पूरे हिन्दी विभाग के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित एवं मार्गदर्शित किया जाता रहेगा।
अपनी सफलता पर आयुषी चमोली ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं विभागीय मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि UGC-NET-JRF में सफलता उनके लिए शोध एवं अकादमिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आयुषी की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार एवं हिन्दी विभाग की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल अकादमिक भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।