नेपाल की त्रासदी पर सीएम धामी ने जताया गहरा दुख, कहा—नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा

:- भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर जताई संवेदना, प्रभावितों के साथ खड़े रहने का दिया भरोसा

देहरादून। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि को अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा आपदा से प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।

उत्तराखंड-नेपाल के रिश्ते सदियों पुराने

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देश साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता के मजबूत बंधन से जुड़े हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्ते रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक संबंधों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ते भी लगातार मजबूत हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध रहा है। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक रिश्ते हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दर्द उत्तराखंड के लोगों को अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा महसूस हो रहा है।

राहत-बचाव में जुटे लोगों के प्रयास सराहनीय

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है। संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ खड़ी है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नेपाल में उत्पन्न स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे और प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिलेगी।

हिमालयी क्षेत्र आपदाओं के प्रति संवेदनशील

सीएम धामी ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भारत और नेपाल दोनों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने, घायलों के जल्द स्वस्थ होने और नेपाल में सामान्य स्थिति की शीघ्र बहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में दोनों देशों के बीच आत्मीयता और मानवीय सहयोग की भावना और मजबूत होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *