मायापुर की निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी भरने से हड़कंप, 13 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

18 से 19 लोगों के फंसे होने की प्रारंभिक सूचना, शेष की तलाश जारी; सेना, NDRF, SDRF और ITBP की टीमें मौके के लिए रवाना

चमोली, 13 अगस्त 2026। जनपद चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) में गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा एवं पानी भरने की सूचना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार टनल में कार्य कर रहे 18 से 19 लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली। निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा कराया जा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही खोज एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया। राहत की बात यह है कि अब तक 13 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। टनल में फंसे शेष लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।

सेना, ITBP, NDRF और SDRF की टीमें रवाना

घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, ITBP, NDRF एवं SDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं DIRF, स्थानीय पुलिस और CISF के जवानों द्वारा मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में मलबा एवं पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

हर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के निरंतर संपर्क में हैं और स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकता के अनुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *