: ऊर्जा भवन में प्रबंध निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों से मिले संगठन पदाधिकारी, वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री व शासन का भी किया धन्यवाद
देहरादून। उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन (इंटक) ने यूपीसीएल एवं पीटीसीयूएल में उपनल के माध्यम से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को समान वेतन (महंगाई भत्ते सहित) तथा विभाग में समायोजन संबंधी आदेश जारी होने पर खुशी व्यक्त करते हुए ऊर्जा भवन स्थित मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
गुरुवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय को संविदा कर्मचारियों के हित में ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक (परिचालन) एम.आर. आर्या, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आर.जे. मलिक, निदेशक वित्त कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (तकनीकी) संजय टम्टा, मुख्य अभियंता राजकुमार, आशीष अरोड़ा सहित उन सभी अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से समान वेतन संबंधी आदेश लागू हो सके।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कवि ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की यह लंबे समय से लंबित मांग थी, जिसके पूरा होने से कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (ऊर्जा) तथा शासन के सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह निर्णय संभव हो सका।
प्रतिनिधिमंडल में विनोद कवि, सुनील चौहान, शीला बोरा, नीरज उनियाल, मालती कपूर, बिजेंद्र भंडारी, जयवीर भंडारी, संगीता नेगी, तेजपाल रावत, केसर, प्रमोद बिष्ट, लक्ष्मी जुयाल, नीलांबरी थापा, पूजा लूथरा, आरती, जितेंद्र नेगी, दीपक कंडवाल, दीपक रावत, शैलेन्द्र, उमेश जोशी, रवि राणा सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।