:- कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से बचाव को लेकर यूजेवीएनएल ढाकरानी में जागरूकता कार्यशाला
– : फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी की पहल, पॉश कानून और महिला यौन अपराधों से बचाव के उपायों की दी जानकारी
देहरादून, 21 जुलाई। कार्यक्षेत्र में यौन उत्पीड़न, पॉश कानून और महिला यौन अपराधों से बचाव को लेकर सामाजिक संस्था फोरगिवनेस फाउंडेशन सोसाइटी की ओर से यूजेवीएन लिमिटेड, ढाकरानी के कार्मिकों के लिए निशुल्क जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला में मनोवैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉ. पवन शर्मा (द साइकेडेलिक) ने प्रतिभागियों को कार्यक्षेत्र में यौन उत्पीड़न, पॉश कानून और महिला यौन अपराधों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने रोचक एवं प्रायोगिक तरीके से उदाहरणों के माध्यम से यौन उत्पीड़न से बचाव के कई अनूठे और प्रभावी उपायों के बारे में भी बताया।
डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि शोध के अनुसार कार्यक्षेत्र में हर दो में से एक महिला किसी न किसी रूप में यौन उत्पीड़न का शिकार हो रही है। ऐसी स्थिति महिलाओं के लिए कार्यक्षेत्र में सुरक्षित माहौल में काम करना मुश्किल बनाती है और उनके सफलतापूर्वक कार्य निष्पादन में भी बाधा उत्पन्न करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करना किसी भी संस्थान की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला के दौरान डॉ. पवन शर्मा ने यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत को सही तरीके से रिपोर्ट करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही आंतरिक शिकायत समिति में शिकायत दर्ज करने, उस पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करने तथा अन्य संबंधित कार्यों के बारे में भी विस्तार से समझाया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े कई सवाल पूछे। डॉ. पवन शर्मा ने प्रतिभागियों के सवालों का संतोषजनक जवाब देते हुए उन्हें विभिन्न विषयों को सरलता से समझाया।
इस अवसर पर उपमहाप्रबंधक (ई एंड एम) …………., पुलकित, द्युति, मनन और नीर ने भी सहयोग किया।