: नई टिहरी के सी-ब्लॉक में भूस्खलन की आशंका के बीच प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, सुरक्षा दीवार का निर्माण प्राथमिकता पर पूरा होगा, संवेदनशील क्षेत्र में 24 घंटे निगरानी के निर्देश
नई टिहरी, 10 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचीं और नई टिहरी के सी-ब्लॉक स्थित टाइप-3 आवासीय परिसर का निरीक्षण कर भूस्खलन संभावित क्षेत्र का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा दीवार के ऊपर स्थित आवास संख्या-4 के आंगन का पुस्ता क्षतिग्रस्त मिलने पर प्रशासन ने तत्काल एहतियातन तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम कमलेश मेहता की निगरानी में आवास संख्या 4/1, 4/3 और 4/4 में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। आवास संख्या 4/2 पहले से खाली था। प्रभावित परिवारों के अस्थायी आवास की व्यवस्था भी प्रशासन ने तत्काल सुनिश्चित कर दी।
प्रशासन ने संवेदनशील भवन को चिन्हित कर खतरे का निशान लगाया है। साथ ही ढाल को तिरपाल और बालू के थैलों से सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर 24 घंटे निगरानी रखने तथा अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार का शेष कार्य अब लोक निर्माण विभाग नई टिहरी द्वारा स्वीकृत डिजाइन के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए विभाग ने धनराशि की प्रतीक्षा किए बिना ही निर्माण शुरू करा दिया है। निर्माण का खर्च संबंधित भूस्वामी वहन करेगा।
प्रशासन ने अवैज्ञानिक उत्खनन को भी गंभीरता से लिया है। पुलिस को पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा दीवार का निर्माण पूरा होने तथा तकनीकी सुरक्षा प्रमाण-पत्र मिलने के बाद ही प्रभावित परिवारों को वापस उनके आवासों में भेजा जाएगा।