:- फार्मा, बायो-मेडिसिन, लैब, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सेल्स व टेक्निकल क्षेत्र में अवसर, वेतन 12,300 से 30,000 रुपये प्रतिमाह
देहरादून, 16 जून। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए 29 जून 2026 को प्रातः 10 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और कुल 85 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 16 जून 2026 से सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिन अभ्यर्थियों का सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण नहीं है, वे निर्धारित तिथि से पहले अपना पंजीकरण कराकर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।
रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर 12,300 रुपये से 30,000 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन प्रदान किया जाएगा। मेले में फार्मा, बायो-मेडिसिन, लैबोरेट्री, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सेल्स एवं टेक्निकल क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। पुरुष एवं महिला दोनों अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं।
सेवायोजन अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां, बायोडाटा, सेवायोजन पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र के साथ रोजगार मेले में उपस्थित हों। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून से संपर्क कर सकते हैं।