चमोली में देवाल-घेस मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बोलेरो खाई में गिरने से चार की मौत

:- लोसरी गांव के पास 500 मीटर गहरी खाई में समाई बोलेरो, चार घायल हायर सेंटर रेफर
चमोली। देवाल-घेस मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लोसरी गांव के समीप उस समय हुआ जब एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 से 600 मीटर गहरी खाई में गिरकर कैल नदी में जा समाया।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम लगभग चार बजे डीसीआर के माध्यम से थानाध्यक्ष थराली को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आपदा उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही उप जिलाधिकारी थराली के समन्वय से DDRF टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UK-11TA-4395 (सफेद बोलेरो) लोसरी गांव से करीब 100 मीटर आगे घेस की ओर जाते समय अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन पहले सड़क किनारे बनी दीवार से टकराया और उसके बाद पीछे की ओर खिसकते हुए गहरी खाई में गिर गया। वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।

स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और DDRF की संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया। वहीं चार लोगों के शव भी घटनास्थल से बरामद किए गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम पीएचसी देवाल में कराया जा रहा है।

हादसे में जानकी देवी (28), अर्जुन सिंह (60), आलम सिंह (54) तथा सात वर्षीय बालक दीपू की मौत हो गई। जबकि हरेंद्र सिंह, उमा देवी, खड़क सिंह और डेढ़ वर्षीय हर्षिता घायल हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *