:- चम्बा पुलिस की कार्रवाई, साक्ष्यों के आधार पर दबोचे गए आरोपी; न्यायालय में किया गया पेश
चम्बा (टिहरी गढ़वाल)। जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चम्बा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वाहन में आगजनी एवं गाली-गलौज की घटना में संलिप्त दो नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे के निर्देशानुसार तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में कोतवाली चम्बा पुलिस द्वारा घटना के संबंध में साक्ष्य संकलन, पूछताछ, सुरागरसी-पतारसी एवं तकनीकी तथ्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर घटना में संलिप्तता पाए जाने पर नामजद अभियुक्त दीपक सिंह नेगी एवं लोक गायक पवन सेमवाल को 10 जून 2026 को चम्बा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली चम्बा में मुकदमा अपराध संख्या 22/2026 धारा 324(4), 326(एफ) एवं 352 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विवेचना शुरू की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दीपक सिंह नेगी पुत्र सूरत सिंह निवासी ग्राम नैल, पट्टी बमुण्ड, कोतवाली चम्बा, जनपद टिहरी गढ़वाल तथा पवन सेमवाल पुत्र लाखीराम निवासी ग्राम गजा चाका पिछवाड़ा, पट्टी पौड़ीखाल, थाना हिंडोलाखाल, जनपद टिहरी गढ़वाल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।