:- वन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील, कूड़ा फैलाने पर कार्रवाई की चेतावनी
देहरादून। देहरादून वन प्रभाग के अंतर्गत मालसी रेंज में शुक्रवार को लंबीधार–किमाड़ी मार्ग पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य वन क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखना रहा।
स्वच्छता अभियान में वन विभाग की ओर से कविता एवं मोहित सौंद के साथ क्षेत्र के फायर वाचरों ने सक्रिय भागीदारी की। अभियान के दौरान एलकेडी मार्ग तथा आसपास के वन क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, कांच, थर्माकोल एवं अन्य अजैविक कचरे को एकत्र कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रभागीय वनाधिकारी, देहरादून के निर्देशानुसार वन क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना है।
वन विभाग ने पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे वन क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। विभाग का कहना है कि प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों से वन्यजीवों और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है। साथ ही वन कानूनों के तहत ऐसे कृत्यों पर दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है।