:- मुख्य सेवक सदन में ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम आयोजित, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से किया सीधा संवाद
:- रोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण पर युवाओं ने रखे सुझाव
देहरादून। मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, रोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, शिक्षा और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवाओं को केवल मतदाता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सक्रिय भागीदार मानती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। यदि उन्हें सही दिशा और अवसर मिलें तो वे समाज और देश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है और सरकार उनके सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही स्टार्टअप, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्रों में भी युवाओं को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और रोजगारोन्मुखी प्रयासों की सराहना करते हुए विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।