सीनियर आईएएस आशीष चौहान बने देहरादून के नए जिलाधिकारी, शासन ने 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों के किए तबादले

:- राज्य सिविल सेवा और सचिवालय सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई अहम विभागों में नई जिम्मेदारियां

सीनियर आईएएस आशीष चौहान

देहरादून, 23 मई। उत्तराखंड शासन ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से जारी आदेश के तहत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

सबसे चर्चित बदलाव में आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। शासन के इस फैसले को राजधानी के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। आशीष चौहान अभी तक उत्तरकाशी, पौड़ी और पिथौरागढ़ जैसे बड़े जिलों की कमान संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी देख रहे थे।

जारी आदेश के अनुसार श्री गिरधारी सिंह रावत को सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं श्रीमती इला गिरी को दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा श्री सुन्दर लाल सेमवाल को सचिवालय प्रशासन विभाग में अपर सचिव तथा श्री महावीर सिंह चौहान को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलास्तर पर भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। श्री योगेश मेहरा को हरिद्वार का डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है, जबकि श्री प्रमोद कुमार का तबादला नैनीताल से चंपावत किया गया है।

शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को शासन की कार्यशैली में तेजी और बेहतर समन्वय की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

हाइलाइटर:-

आशीष चौहान को मिली देहरादून डीएम की कमान

सूचना प्रौद्योगिकी, पीडब्ल्यूडी और सचिवालय प्रशासन में नए अपर सचिव तैनात

हरिद्वार और चंपावत समेत कई जिलों में प्रशासनिक बदलाव

शासन ने तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *