:- STF और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कुमाऊं में सप्लाई करने की थी तैयारी
देहरादून/पुलभट्टा, 21 मई 2026। उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पुलभट्टा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 129 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 38 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश मौर्य पुत्र रोशन लाल निवासी ग्राम चौनडेरा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी पर उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, पुलिस मुठभेड़, आर्म्स एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी बरेली के कुछ तस्करों के संपर्क में था और वहां से कम कीमत में हीरोइन खरीदकर कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। पूछताछ के आधार पर STF अब आरोपी के नेटवर्क, सप्लायर और खरीददारों की जानकारी जुटाने में लगी है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने कहा कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस या STF/ANTF उत्तराखंड तक पहुंचाएं। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्रवाई में शामिल टीम :-
STF एंटी नार्कोटिक्स टीम
निरीक्षक पावन स्वरूप
SI विनोद चंद्र जोशी
आरक्षी वीरेंद्र चौहान
आरक्षी इसरार अहमद
थाना पुलभट्टा पुलिस टीम
SO प्रदीप मिश्रा
SI दिनेश चंद्र भट्ट
आरक्षी गजेंद्र सिंह
संपर्क नंबर :-
0135-2656202
9412029536
हाइलाइटर:-
STF की कुमाऊं यूनिट को बड़ी सफलता
पुलभट्टा क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी
आरोपी पर यूपी में कई संगीन मुकदमे दर्ज
पहाड़ी क्षेत्रों में हीरोइन सप्लाई की तैयारी
“ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई